मीनाक्षी शेषाद्रि : नृत्य के साथ अभिनय की महारथी... व्यक्ति विशेष

मीनाक्षी शेषाद्री का जन्म 16 नवंबर, 1963 को सिंदरी, झारखंड में हुआ था. उनके बचपन का नाम शशिकला शेषाद्री था जिसे बाद में राजकुमार संतोषी ने फिल्मों में आने के बाद बदल दिया. मीनाक्षी शेषाद्री के माता-पिता मूलत: तमिलनाडु से आए थे पर झारखंड में खनन उद्योग में काम करने के कारण उनके पिता को झारखंड में बसना पड़ा. मीनाक्षी शेषाद्री की पढ़ाई झारखंड और दिल्ली में हुई. उन्होंने बचपन में ही भारतनाट्यम सीखा था. इसके बाद आगे जाकर उन्होंने चार अन्य शास्त्रीय नृत्यों को भी सीखा.

मिस इंडिया 1981

पढ़ाई के दौरान ही साल 1981 में उन्होंने मिस इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और 17 साल की ही उम्र में भारत की सबसे कम उम्र की मिस इंडिया बनीं. 18 साल की उम्र से ही उनके पास मॉडलिंग और फिल्मों के ढेरों ऑफर आने लगे.

मीनाक्षी का कॅरियर

साल 1982 में फिल्म “पेंटर बाबू” से मीनाक्षी ने अपने कॅरियर की शुरूआत की. लेकिन इस फिल्म से उनके कॅरियर को कुछ खास फायदा नहीं हुआ. इसके अगले ही साल आई सुभाष घई की ब्लॉक बस्टर फिल्म “हीरो”. फिल्म सुपरहिट रही और इसने मीनाक्षी को फिल्म इंडस्ट्री में हिट करवा दिया.

इसके बाद तो मीनाक्षी शेषाद्री ने लंबे अर्से तक पीछे मुड़कर ही नहीं देखा. “दामिनी” में बेहतरीन अभिनय के लिए उन्हें सबसे ज्यादा चर्चा मिली. इस फिल्म में उनके अभिनय ने साबित कर दिया कि बॉलिवुड में महिला प्रधान फिल्में भी चल सकती हैं.

उनकी कुछ अन्य सफल और हिट फिल्में हैं “घातक”, “आदमी खिलौना है”, “क्षत्रिय”, “अल्लाह रक्खा”, “साधना”. उनकी आखिरी फिल्म 1996 में आई सुपरहिट फिल्म “घातक” थी जिसके निर्देशक राजकुमार संतोषी थे.

मीनाक्षी शेषाद्री और राजकुमार संतोषी का एक तरफा प्रेम

माना जाता है बॉलिवुड में राजकुमार संतोषी ने मीनाक्षी के कॅरियर में अहम रोल अदा किया. राजकुमार संतोषी ने एक समय अपनी अधिकतर फिल्मों में मीनाक्षी को ही हिरोइन के रूप में साइन किया जिसमें घायल, दामिनी, घातक जैसी सुपरहिट फिल्में शामिल थीं. मीनाक्षी को लगातार अपनी फिल्मों में लेने का राज उस समय खुला जब संतोषी ने एक दिन मीनाक्षी के आगे अपने प्यार का इजहार कर दिया. हालांकि मीनाक्षी ने उन्हें इंकार कर दिया.

इसके बाद मीनाक्षी ने हरीश मैसुर नामक एक बैंकर से शादी कर ली. आज उनका एक बेटा और बेटी है. मीनाक्षी शेषाद्री अपने परिवार के साथ इन दिनों टेक्सास में रहती हैं और वहां वह नृत्य भी सिखाती हैं. मीनाक्षी शेषाद्री को लोग जब भी उनकी फिल्में देखते हैं तो उनकी बेहतरीन अदाकारी और नृत्य क्षमता की वजह से याद करते हैं.

Post a Comment

Previous Post Next Post