भोपाल - मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश के किसी भी जिले में कोरोना की टेस्टिंग कम न की जाए। हमें हर हालत में कोरोना की तीसरी लहर प्रदेश में आने से रोकना है। साथ ही मास्क लगाना, सोशल डिस्टेंसिंग आदि सावधानियाँ अनिवार्य रूप से बरती जाए।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में शत-प्रतिशत पात्र जनसंख्या का वैक्सीनेशन जल्दी से जल्दी किया जाना है। पहले डोज़ के बाद दूसरा डोज़ जरूर लगवाएँ। दूसरे डोज़ के बाद ही कोरोना संक्रमण से पूरी सुरक्षा मिलेगी।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में वैक्सीनेशन कार्य को दोबारा गति दी जाए, बारिश के कारण व्यवधान हुआ था। वैक्सीनेशन के लिए पुन: महाअभियान भी चलाया जाए।
मुख्यमंत्री चौहान ने आज मंत्रालय में कोरोना की स्थिति एवं वैक्सीनेशन कार्य की समीक्षा की। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान आदि उपस्थित थे।