पर्यटन स्थल पर पर्यटकों को मिलेगा क्षेत्र विशेष के हस्तशिल्प का सामान : मंत्री सुश्री ठाकुर


भोपाल - पर्यटन, संस्कृति और आध्यात्म मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने कहा कि पर्यटकों को अब पर्यटन स्थल पर ही क्षेत्र-विशेष के हस्तशिल्प का सामान उपलब्ध हो सकेगा। इसके लिए पर्यटन विभाग ने निवाड़ी जिले में महोर और लाड़पुरा, छतरपुर में बसारी, पन्ना में मड़ला और सतना जिले में उचेहरा के शिल्पकारों को हस्तशिल्प की नवीन तकनीक का प्रशिक्षण दिया है। सुश्री ठाकुर पलाश रेसीडेंसी में पर्यटन निगम द्वारा आयोजित तीन दिवसीय प्रोटोटाइप की प्रदर्शनी का अवलोकन कर रहीं थी। सुश्री ठाकुर ने कहा कि पर्यटक जब भी ओरछा, खजुराहो, पन्ना नेशनल पार्क और मैहर देवी के दर्शन के लिए जाते हैं तो क्षेत्र-विशेष में बनने वाले हस्तशिल्प का सामान खरीदने की इच्छा होती है। इसे ध्यान में रखकर पर्यटन विभाग ने स्थानीय शिल्पकारों को उनके परंपरागत कार्य के साथ उपयोगी और सजावटी सामान बनाने का प्रशिक्षण दिया है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के साधन उपलब्ध होंगे और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का 'आत्म-निर्भर भारत' का सपना साकार करने में भी मदद मिलेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post