जिले में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन हेतु बैठक संपन्न ,अधिकारियों को सौंपे दायित्व,स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को शामिल ना किये जाने के निर्देश

बुरहानपुर - जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन के संबंध में पूर्व तैयारियों एवं सामान्य प्रशासन विभाग भोपाल से प्राप्त निर्देशों के परिपालन में आज कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री प्रवीण सिंह की अध्यक्षता में
बैठक आयोजित की गई। 

बैठक में प्राप्त निर्देशों से उपस्थित जिला अधिकारियों को अवगत कराया गया एवं आवश्यक तैयारियां तथा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह पर प्रतिवर्षानुसार राष्ट्रगान एवं पुलिस, होमगार्ड, एसएएफ इत्यादि द्वारा परेड का आयोजन, मुख्य अतिथि द्वारा मुख्यमंत्री संदेश का वाचन किया जायेगा। 

कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देशित किया कि चूंकि स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में इस बार भी स्कूली बच्चों को शामिल नहीं किया जाना है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम की योजना तैयार करने हेतु निर्देश दिये गये।
उन्होंने निर्देशित किया कि समस्त विभाग शासन से प्राप्त निर्देशों का पालन करें एवं 15 अगस्त के स्टेडियम कार्यक्रम में समस्त जिला अधिकारी स्टॉफ सहित उपस्थित रहना सुनिश्चित करेंगे। इस संबंध में 13 अगस्त को परेड की फाईनल रिहर्सल की जायेगी एवं समस्त अधिकारीगण उक्त दिवस पर अपनी उपस्थिति दर्ज करायेंगे।

कार्यक्रम के सफलतापूर्वक आयोजन हेतु समस्त जिला अधिकारियों को कार्य दायित्व सौंपे गये।
निर्देशित किया गया कि नोवल कोरोना वायरस कोविड-19 संक्रमण के संबंध में जारी भारत सरकार, गृह मंत्रालय और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा कोविड-19 से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों एवं राज्य शासन द्वारा समय-समय पर जारी किये गये निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाये।  

बैठक में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोहित सिसोनिया, अपर कलेक्टर श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, नगर निगम आयुक्त श्री सिंह, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बुरहानपुर श्री के.आर.बडोले, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नेपानगर श्री दीपक चौहान सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post