फ़िल्म अभिनेत्री मुमताज़... 70 के दशक की दबंग अभिनेत्री जिसने कैंसर को दी मात....31 जुलाई-जन्मदिन विशेष

मुमताज का जन्म 31 जुलाई 1947 को हुआ था । मुमताज बचपन से ही अभिनेत्री बनना चाहती थीं. उनकी मां नाज और चाची नीलोफर पहले से ही अभिनय की दुनिया में थीं लेकिन वह सिर्फ जूनियर आर्टिस्ट के तौर पर फिल्म जगत से जुड़े थे. यही वजह रही कि मुमताज को शुरुआत में छोटे-मोटे रोल मिले.
मुमताज पहली बार फिल्मी पर्दे पर 1958 में बाल कलाकार के रूप में फिल्म सोने की चिडय़िा में नजर आई थीं। इसके बाद मुमताज ने कई फिल्मों में छोटे-मोटे रोल किए। 

मुमताज की १६ ऐसी एक्शन फिल्में हैं, जिनमें उन्होंने बतौर लीड अभिनेत्री काम किया। इन फिल्मों में उनके अपोजिट दारा सिंह थे। इन्हीं फिल्मों की वजह से मुमताज को स्टंट अभिनेत्री का दर्जा मिला।

गौरतलब है कि 1969 में आई फिल्म दो रास्ते ने मुमताज को फिल्मी पर्दे का स्टार बना दिया। उन्होंने अपने जमाने के हर बड़े हीरो राजेश खन्ना, राजेंद्र कुमार, शशि कपूर, धर्मेंद्र , फिरोज खान, के साथ काम किया। बंधन, तांगेवाला, चोर मचाए शोर, लोफर, झील के उस पार, राम और श्याम, पत्थर के सनम, ब्रह्मचारी, खिलौना, और रोटी जैसी कई अच्छी फिल्में मुमताज ने कीं। मुमताज को फिल्म खिलौना के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड भी मिला।

1974 में मुमताज ने बिजनेसमैन मयूर माधवानी से शादी कर ली और 1977 में उन्होंने फिल्मों को अलविदा कह दिया। मुमताज की दो बेटिया हैं, जिनमें से एक बेटी नताशा की शादी फिरोज खान के बेटे फरदीन खान से हुई है। मजे की बात ये है कि फिरोज खान के साथ मुमताज ने कई सुपरहिट फिल्में की थीं।

अपने जमाने की बेहद खूबसूरत और टैलेंटेड एक्ट्रेस रहीं मुमताज की साड़ी स्टाइल बहुत फेमस है, जिसे आज मुमताज साड़ी ड्रेप के नाम से जाना जाता है। उनकी आइकॉनिक विंग्ड आईलाइनर आज भी हमारी यादों में ताजा है।

मुमताज ने अपने 15 साल के फिल्मी करियर में 108 फिल्मों में काम किया. 1974 में शादी के बाद उन्होंने फिल्मों में काम करना बंद कर दिया. हालांकि बाद में 1989 में फिल्म आंधियां में उन्होंने काम किया पर फिल्म फ्लॉप रही और मुमताज ने अभिनय की दूसरी पारी को शुरू करते ही खत्म करने का निर्णय किया.

लेकिन यदि आज की मुमताज को देखेंगे, तो उन्हें पहचान पाना भी मुश्किल होगा। शादी के बाद मुमताज लंदन चली गईं और वहीं रहने लगीं। अभी कुछ समय पहले ही मुमताज की एक फोटो सोशल मिडिया पर वायरल हुई थी, जो शायद लंदन की थी। फोटो में 69 साल की मुमताज के चेहरे पर झुर्रिया साफ दिख रही थीं, लेकिन एक चीज जो आज भी कायम है, वो है उनके चेहरे की स्माइल, जो उनकी इस फोटो में भी कायम है। 

एवरग्रीन बॉलीवुड एक्ट्रेस को 54 साल की उम्र में ब्रेस्ट कैंसर हुआ था, लेकिन मुमताज ने हार नहीं मानी और साहस के साथ कैंसर से जंग लड़ी और जीती भी। कैंसर से बचने के बाद मुमताज ने कहा था कि मैं आसानी से हार नहीं मानती... यहां तक मैं मौत से भी लड़ लूंगी। वाकई, मुमताज की इन बातों में दम है और हो भी क्यों ना... उन्होंने मौत को हराया है... कैंसर से उबरी हैं। इस खूबसूरत और साहस की मूर्ति से दर्शकों को पहले भी प्यार था और आज भी प्यार है ।

Post a Comment

Previous Post Next Post