मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण अब न्यूनतम स्तर पर है। देश के 28 राज्यों में संक्रमण की दृष्टि से मध्यप्रदेश 27वें स्थान पर आ गया है। यहाँ कोरोना के 224 नए प्रकरण आए हैं और पॉजिटिविटी दर 3% पर आ गई है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में व्यापक टेस्टिंग अभियान निरंतर जारी रहे, जिससे एक भी संक्रमित व्यक्ति छुपा न रहे। कोरोना की तीसरी लहर से बचे रहने के लिए 'एग्रेसिव टेस्टिंग' जरूरी है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि टीकाकरण कोरोना से बचाव का सुरक्षा कवच है। हर व्यक्ति कोरोना का टीका लगवाए, इसके लिए प्रदेश में टीकाकरण का महा-अभियान चलाया जाएगा, जिसकी शुरूआत एक जुलाई से होगी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान आज मंत्रालय में कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री विश्वास सारंग, मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस और स्वास्थ्य आयुक्त श्री आकाश त्रिपाठी आदि उपस्थित थे।
3 हजार 610 एक्टिव प्रकरण
प्रदेश में कोरोना के 3 हजार 610 एक्टिव प्रकरण हैं। पिछले 24 घंटे में 528 मरीज स्वस्थ हुए हैं। प्रदेश की साप्ताहिक पॉजिटिविटी दर 0.4% है और रिकवरी रेट 98.4% है।
केवल भोपाल में एक प्रतिशत से अधिक पॉजिटिविटी दर
प्रदेश के 50 जिलों में एक प्रतिशत से कम साप्ताहिक पॉजिटिविटी दर है। इंदौर जिले में एक प्रतिशत साप्ताहिक पॉजिटिविटी दर है। केवल भोपाल जिले में एक प्रतिशत से अधिक 1.4% साप्ताहिक पॉजिटिविटी दर है।
15 जिलों में शून्य प्रकरण
प्रदेश के 15 जिलों अलीराजपुर, अशोकनगर, बालाघाट, भिंड, बुरहानपुर, गुना, खण्डवा, मंडला, नरसिंहपुर, नीमच, शिवपुरी, सीधी, टीकमगढ़, उमरिया और निवाड़ी जिलों में कोरोना का कोई भी नया प्रकरण नहीं आया है।
3 जिलों में ही 10 से अधिक नए प्रकरण
प्रदेश के 3 जिलों में 10 से अधिक कोरोना के नए प्रकरण आए हैं। भोपाल में 83, इंदौर में 47 और जबलपुर में कोरोना के 14 नए प्रकरण आए हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भोपाल में प्रकरणों की संख्या अधिक होने पर यहाँ विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।