भारत में कोरोना से मौत का आंकड़ा 3 लाख के पार पहुंचा

देश में कोरोना से मौत का आंकड़ा तीन लाख को पार कर गया है। वर्ल्डोमीटर के मुताबिक रविवार रात 10 बजे तक 24 घंटों में 4,056 और संक्रमितों की मौत से महामारी से जान गंवाने वालों की कुल संख्या बढ़कर 3,03,355 हो गई। इसी के साथ भारत अमेरिका और ब्राजील के बाद तीसरा ऐसा देश बन गया है जहां पर कोरोना वायरस से 3 लाख लोगों की मौत हुई है। इस बीच नए कोरोना मामलों में लगातार गिरावट के बीच जांच संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है। 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि रविवार सुबह आठ बजे तक 24 घंटों में 21,23,782 नमूनों की कोरोना जांच का नया कीर्तिमान स्थापित किया गया। इस दौरान कोरोना के नए मामलों की संख्या 35 दिन बाद ढाई लाख से कम रही। लगातार पांचवां दिन है जब भारत में 20 लाख से अधिक नमूनों की जांच एक दिन में की गई।

2.4 लाख नए मामले मिलने से कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,65,30,132 हो गई है। इस दौरान 3,741 और कोरोना मरीजों की मौत के बाद महामारी से मरने वाले की संख्या बढ़कर 2,99,266 हो गई है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार देश में 22 मई तक कुल 32,86,07,937 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई। इनमें से 21,23,782 नमूनों की जांच शनिवार को की गई।

एक्टिव मरीज घटे
देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 28,05,399 रह गई है जो संक्रमण के कुल मामलों का 10.57 प्रतिशत है, जबकि कोरोना से उबरने वाले लोगों की राष्ट्रीय दर 88.30 प्रतिशत हो गई है। 24 घंटों में कुल उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 1,18,001 की कमी आई है। सात राज्य ऐसे हैं जिनमें देश के 66.88 प्रतिशत उपचाराधीन मरीज हैं। महामारी से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 2,34,25,467 हो गई है जबकि संक्रमण से मृत्यु दर 1.13 प्रतिशत है। संक्रमण दर भी घटकर 11.34 प्रतिशत पर आ गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post