सांसद नंदु भैया की स्मृति में जिला अस्पताल में माँ अन्नपूर्णा रसोई का हुआ शुभारंभ

बुरहानपुर - जब पिता जी बीमार पडे तब भी वह जनसेवा में ही लगे हुए थे। जिस दिन पिता जी को मुखाग्नि देकर लौटे तब हमारी मनः स्थिति ऐसी नहीं थी कि कुछ सोच पाते, लेकिन तभी मेरी मां ने मेरे पिता जी का वह सपना याद दिलाया। 
एक बार पिताजी ने इच्छा जताई थी कि जिला अस्पताल में एक ऐसी रसोई शुरू करना है जिसमें मरीजों के साथ आये अटेंडरो को निःशुल्क और अच्छा भोजन मिले। यह बात कहीं न कहीं मेरी मां की स्मृति पटल पर रह गई और फिर हमने प्रयास शुरू किए। 
आज वह दिन आ गया। पिता का यह सपना पूरा हुआ है। मां अन्नपूर्णा रसोई का शुभारंभ कर रहे हैं। 
यह बात सांसद स्व. नंदकुमारसिंह चौहान के बेटे हर्षवर्धनसिंह चौहान ने जिला अस्पताल में सोमवार को आयोजित अन्नपूर्ण रसोई के शुभारंभ अवसर पर कही। मरीजों के साथ आये सहयोगी को सुबह-शाम निःशुल्क भोजन मिलेगा। 
खास बात यह है कि अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों को तो शासन भोजन देता ही है, इसके अलावा उनके साथ आए अटेंडरों को भी निःशुल्क भोजन मिलेगा। 
रसोई का शुभारंभ स्वर्गीय सांसद नंदकुमारसिंह चौहान की पत्नी दुर्गेश्वरी, पुत्र हर्षवर्धन सिंह चौहान, सुजय सिंह चौहान, संजयसिंह चौहान, विक्रमसिंह चौहान, संकेत चौहान ने किया। 
इस दौरान पूर्व विधायक रामदास शिवहरे, नेपानगर विधायक सुमित्रदेवी कास्डेकर, पूर्व महापौर अनिल भोसले, अतुल पटेल, पूर्व निगम अध्यक्ष मनोज तारवाला, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज लधवे, प्रवीण शहाणे सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे। 
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज लधवे ने कहा कि मानव सेवा ही सच्ची सेवा है। अंतिम समय तक वह सेवा में लगे रहे। दीनदयाल जी उपाध्याय ने अंतिम व्यक्ति की सेवा का रास्ता दिखाया। भर्ती मरीजों के परिजनों के फोन आते हैं। लोग परेशान होते हैं, लेकिन अब फायदा होगा। 
प्रतिदिन कार्यकर्ता यहां आकर खाना बनाने, परोसने में मदद करेंगे। नंदु भैया की इच्छा थी हम उसे जरूर पूरी करेंगे। 
कार्यक्रम पश्चात छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सली हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी। 

Post a Comment

Previous Post Next Post