बुरहानपुर के लिये अच्छी ख़बर - जिले में 400 लीटर प्रति मिनट गति की क्षमता वाला ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने की स्वीकृति प्राप्त

बुरहानपुर-18 अप्रैल, 2021-जिला प्रशासन कोरोना संक्रमण के रोकथाम, नियंत्रण, बेहतर उपचार के लिए एवं जिलेवासियों को बेहतर सेवा देने के प्रति कटिबद्ध है। जिले में कोरोना संक्रमण रोकथाम के लिए सतत् रूप से अथक प्रयास जारी है।
इसी कड़ी में जिला प्रशासन के सतत् प्रयासों के फलस्वरूप शासन से बुरहानपुर जिले में ऑक्सीजन प्लांट लगाने की स्वीकृति प्राप्त हुई हैं। 
यह ऑक्सीजन प्लांट शासकीय जिला चिकित्सालय बुरहानपुर में स्थापित किया जा रहा है। 
यह प्लांट 400 लीटर प्रति मिनट गति की क्षमता से ऑक्सीजन का उत्पादन करेगा।
इससे प्रतिदिन लगभग 100 जंबो ऑक्सीजन सिलेंडर जिला अस्पताल को उपलब्ध हो पायेगी। जिससे कोरोना मरीजों के उपचार की सुविधा में और बढ़ोतरी होगी। 
वर्तमान में जिला अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ ले रहे नागरिकों को  फेवीपीरावीर टेबलेट दी जा रही है जिसकी कीमत रूपये 2500/- हैं। ऑक्सीजन की उपलब्धता बढ़ने से कोरोना के संक्रमण से ग्रस्त मरीजों को बेहतर उपचार मिल पायेगा और वे तीव्रता से रिकवर हो पायेंगें। 
यह जिले के लिए सौगात के रूप में आया है। ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने हेतु कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह ने जिला अस्पताल में चयनित स्थल का अवलोकन किया एवं आगामी कार्यवाही करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर पीडब्ल्यूडी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहें।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री प्रवीण सिंह ने समस्त जिलेवासियों से अपील की है, कि कोरोना संबंधी लक्षण दिखने पर समय से जिला अस्पताल में आए एवं अपनी जाँच कराये। जिला प्रशासन आपको बेहतर सेवाएं देने के लिए  सदैव तत्पर है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post