होली का मज़ा,बन सकता है सज़ा, खेलते वक्त रखें इन 10 बातों का ख़्याल


खुशियों और रंगों का होली त्योहार भारत के ज़्यादातर राज्यों में बड़े धूम-धाम से मनाया जाता है। 

इस दिन लोग आमतौर पर एक दूसरे से मिलकर गुलाल-अबीर लगाते हैं। लेकिन इन रंगों में मौजूद केमिकल हमारे बालों, त्वचा, आंखों और यहां तक कि फेफड़ों को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए होली खेलने से पहले कुछ बातें है जिनका ख्याल रखना बेहद ज़रूरी है।

त्वचा पर लगाएं तेल

चेहरे के साथ-साथ शरीर पर किसी भी तेल से मालिश कर लें। इससे रंग आपकी त्वचा पर चढ़ेगा नहीं और नहाते वक्त आसानी से निकल भी जाएगा।   

कपड़ों पर भी दें ध्यान

होली पर हम आमतौर पर पुराने कपड़े पहनते हैं, लेकिन साथ ही ऐसे कपड़े चुनें जिनसे आपका शरीर पूरी तरह से ढक जाए। आपका शरीर जितना ज़्यादा ढका रहेगा उतना ही नुकसान कम पहुंचेगा। 

सनस्क्रीन भी है ज़रूरी

होली आमतौर पर सुबह के वक्त धूप में खेली जाती है। इस वक्त टैनिंग होने का ख़तरा होता है। इसलिए चेहरे और हाथों पर वॉटरप्रूफ सनस्कीन ज़रूर लगाएं। 

खूब पानी पिएं

होली खेलने के दौरान पानी पीना बहुत आवश्यक है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से त्वचा में नमी बनी रहती है। स्किन ड्राई भी हो सकती है। ड्राई स्किन पर रंग का बुरा असर पड़ सकता है। इसलिए पानी पीते रहें।

होठों की देखभाल

होली खेलते वक्त अगर पर्याप्त पानी न पिया जाए या फिर रंगों की वजह से भी होठ सूखने लगते हैं। इसलिए खेलने से पहले होठों पर वैस्लीन या फिर लिप बाम लगा लें। साथ ही कानों पर भी सनस्क्रीन लगा लें। इससे आपके होठ और कान रंग और धूप दोनों से सुरक्षित रहेंगे।

बालों को ऐसे बचाएं 

त्वचा की तरह गुलाल बालों को भी नुकसान पहुंचाता है। इसलिए होली खेलने से पहले बालों पर खूब सारा तेल लगा लें, जिससे रंगों का केमिकल बालों को नुकसान न पहुंचा सके।

आंखों को भी पहुंच सकता है नुकसा

होली खलते वक्त आंखों को रंग से बचाने की पूरी कोशिश करें। अगर फिर भी रंग आंखों में चला जाए, तो इसे पानी से धोएं और ग़लती से भी आंखों को न रगड़ें। इससे परेशानी बढ़ सकती है। इसके अलावा होली खेलते वक्त सनग्लासेज़ लगाएं, इससे रंग से भी बचेंगे और धूप से भी। साथ ही कॉन्टेक्ट लेंसेज़ का उपयोग भी न करें, होली पर चश्मा पहनना ज़्यादा बेहतर होगा। 

त्वचा पर जलन

अगर होली खेलते वक्त शरीर या किसी हिस्से पर जलन होने लगती है, तो उसे फौरन ठंडे पानी से धोएं। अगर जलन फिर भी न जाए, तो इस पर एलोवेरा जेल लगा लें। साथ ही डॉक्टर को ज़रूर दिखाएं।

बिना हाथ धोए खाना न खाएं

कई बार लोग होली खेलते खेलते मिठाई या स्नैक्स जैसी चीज़ें बिना हाथ धोए ही खा लेते हैं। ऐसा करने से रंग आपके शरीर के अंदर चला जाता है, जो स्वास्थ्य के लिए परेशानी भी खड़ी कर सकता है। इसलिए हमेशा पहले हाथ धोएं और फिर ही कुछ खाएं।

हर्बल रंग

आजकल होली के लिए हर्बल रंगों को इस्तेमाल करने की सलाह दी जा रही है। इन रंगों से त्वचा, बालों या आंखों को नुकसान नहीं पहुंचेगा। साथ ही इन्हें छुड़ाने के लिए मशक्कत भी नहीं करनी पड़ती है। हो सके तो इस बार इन रंगों को इस्तेमाल करें। साथ ही बेंगनी, काले या सिल्वर जैसे मुश्किल से निकलने वाले रंगों से दूर रहें।





Post a Comment

Previous Post Next Post