भाजपा तैयार रही संकल्प पत्र, प्रबुद्धजनों से मांगे जा रहे सुझाव... व्यापारी, उद्योगपति, प्राध्यापक, शिक्षक, सीए, वकील और रहवासियों से की चर्चा

भाजपा नगरीय निकाय चुनाव संचालन समिति सदस्य अतुल पटेल ने लिए आमजन से सुझाव
बुरहानपुर। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कमर कस ली है। इसी संदर्भ में पार्टी द्वारा नगरीय निकाय चुनाव के संकल्प पत्र तैयार किए जा रहे हैं। जिसके लिए आमजन, प्रबुद्धजन से सुझाव लिए जा रहे हैं। खास बात यह है कि इस संकल्प पत्र को हर जिले में अलग अलग तैयार कराया जा रहा है। जिसका उद्देश्य जिले व नगरीय क्षेत्र में विकास की संभावनाओं का तलाशना है। इसे लेकर पिछले दिनों बुरहानपुर के पूर्व महापौर अतुल पटेल को नगरीय निकाय चुनाव प्रदेश संचालन समिति का सदस्य बनाया गया था। 
खरगोन, बड़वानी सहित अन्य जिलों में बुद्धिजीवियों और समाज के लोगों से सुझाव लेने के बाद शनिवार शाम 7 बजे बुरहानपुर की एक निजी होटल में भी बैठक हुई। जिसमें नगर के गणमान्य लोगों से सुझाव लिए गए। जिसमें व्यापारी, उद्योगपति, प्राध्यापक, शिक्षक, सीए, वकील, रहवासी संघ, ऑटो चालक संघ, विद्यार्थी, कामकाजी महिला आदि ने भाग लेकर नगर हित में अपने अपने सुझाव दिए।
इस दौरान प्रबंधन समिति सदस्य व पूर्व महापौर अतुल पटेल ने कहा कि हमारी पार्टी का मूलमंत्र है सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास। इसलिए घोषणा पत्र को संकल्प पत्र का नाम दिया गया है। यह संकल्प पत्र कैसा होगा यह वहां के रहवासी तय करें। इसलिए यह व्यवस्था की गई। कुछ सुझाव नगरीय स्तर के तो कुछ प्रदेश स्तर के भी आए। 16 नगर निगम 291 नगर पालिका, नगर परिषद में चुनाव है। सभी जगह इतनी बैठकें नहीं हो सकती है। इसलिए जिले की बैठक रखी गई। संकल्प पत्र का आधार इसलिए सुनिश्चित किया गया कि मेरा नगर कैसा हो। इसलिए आमजन से सुझाव ले रहे हैं। नगर में भी काफी लोगों ने अच्छे सुझाव दिए हैं। जो समस्याएं हैं वह भी सामने आई है। कैसे अच्छा कर सकते हैं। यह प्रयास करेंगे। हम एक लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। नगर निगम की आय के स्त्रोत भी बढ़ें। ऐसे सुझावों पर भी अमल किया जाएगा। श्री पटेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मानना है कि केवल सरकार और पार्टी नहीं अपितु समाज के विभिन्न वर्गों में चिंतनशील लोग हैं जो नगर विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसीलिए ऐसे प्रतिष्ठित लोगो को भी सुझाव देने के लिए आमंत्रित किया गया। भारतीय जनता पार्टी एकमात्र ऐसी पार्टी है जो जनता से सुझाव लेकर अपना संकल्प पत्र तैयार करती है। सुझाव देने वालो में प्रमुख रूप से इंजीनियर प्रवीण चौकसे, सीए प्रशांत श्रॉफ, उमा कपूर, सागर मराठा, भरत रावल, श्रुति मुजुमदार, प्रगति सिरपुरकर, अनिल मिश्रा, अजय मौर्य, लक्ष्मण महाजन, किरण रायकवार आदि प्रमुख रूप से शामिल थे। जबकि वक्ता के रूप में पूर्व महापौर अनिल भोसले, अरूण शेंडे, पूर्व निगम अध्यक्ष मनोज तारवाला आदि थे। संचालन विपुल कानगो ने किया। आभार विनोद पाटिल ने माना।

Post a Comment

Previous Post Next Post