भोपाल - मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने इन्दौर में फ्लाय ओव्हर ब्रिज उद्घाटन के पश्चात ग्रेटर ब्रजेश्वरी स्थित एडवांस्ड वेलनेस सेन्टर का उदघाटन किया। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पूरे देश में लोगों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने हेतु ‘‘आयुष वेलनेस सेन्टर’’ की स्थापना की बात कही थी जिसे मूर्तरूप देते हुए हुये ग्रेटर ब्रजेश्वरी, पिपलियाहाना इन्दौर में अत्याधुनिक आयुष वेलनेस सेन्टर स्थापित किया गया है। यहाँ पर आयुष की विभिन्न चिकित्सा प्रणाली (आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा (नेचुरोपैथी), होम्योपैथिक तथा योग) द्वारा नागरिकों की चिकित्सा की जा रही है। वेलनेस सेंटर के संचालक डॉ. ए.के. द्विवेदी ने बताया कि यह मध्यप्रदेश में पहला आयुष वेलनेस सेंटर है, जिसका आज मुख्यमंत्री ने उदघाटन किया है। यहाँ पर विश्व-स्तरीय आयुष चिकित्सा के अंतर्गत प्राकृतिक चिकित्सा के साथ-साथ योग, आयुर्वेद तथा होम्योपैथी चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हैं। यहां पर जोड़ो में दर्द, शुगर, हाई ब्लड प्रेशर, अनिद्रा, कमजोरी, सिरदर्द, माइग्रेन के साथ-साथ त्वचा रोग, पार्किंसन, किडनी की बीमारी एवं गठिया, अस्थमा, मोटापा, स्पॉन्डिलाईटिस, वेरिकोस वेन, प्रोस्टेट तथा अप्लास्टिक एनीमिया का इलाज किया जा रहा है।
Tags
प्रदेश समाचार