स्विमिंग अपने आप में कंप्लीट बॉडी वर्कआउट है, यानी अगर आप दिन में सिर्फ 30 मिनट स्विमिंग कर लेते हैं, तो आपको कोई दूसरी एक्सरसाइज करने की जरूरत नहीं है। स्विमिंग यानी तैराकी में आपके शरीर के हर अंग का इस्तेमाल होता है।
आइए आपको बताते हैं ऐसे 10 फायदे, जिन्हें जानकर आप भी खुद को स्विमिंग करने से नहीं रोक पाएंगे।
◆ बेहतर बनते हैं मसल्स -
जिम में घंटों पसीना बहाने के बाद भी आप जितनी मसल्स बना पाएंगे, उतनी मसल्स आप रोजाना 30 मिनट स्विमिंग करके भी बना सकते हैं।
◆ शरीर से चर्बी कम करता है -
स्विमिंग यानी तैराकी करके आप अपने शरीर की अतिरिक्त चर्बी को तेजी से घटा सकते हैं। रोजाना केवल 30 मिनट स्विमिंग करके आप 400 से 500 कैलोरीज तक बर्न कर सकते हैं। हालांकि ये आपके शरीर के वजन और तैरने की गति पर भी निर्भर करता है।
◆ ह्रदय के लिए बहुत फायदेमंद है -
स्विमिंग एक एरोबिक एक्सरसाइज है, जो आपके दिल के लिए बहुत फायदेमंद होती है। रोजाना स्विमिंग करने से आपका दिल अच्छी तरह ब्लड पंप करता है। इससे आपका ब्लड प्रेशर ठीक रहता है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक रोजाना 30 मिनट तैरने से दिल की बीमारियों की संभावना 40-45% तक कम हो जाती है।
◆ सही रहता है ब्लड सर्कुलेशन (रक्त प्रवाह) -
तैरने के दौरान आपकी मांसपेशियों और नसों में रक्त प्रवाह यानी ब्लड सर्कुलेशन तेज हो जाता है, जिससे शरीर के सभी अंगों तक पर्याप्त मात्रा में पोषक तत्व और ऑक्सीजन आसानी से पहुंच जाते हैं। रोजाना स्विमिंग करके ब्लड प्रेशर की समस्या को कंट्रोल किया जा सकता है।
◆ बैड कोलेस्ट्रॉल होता है कम -
स्विमिंग के दौरान जब आप तेजी से अपने हाथ-पैरों को झटकते हैं, तो मांसपेशियों की अच्छी तरह एक्सरसाइज हो जाती है। यही कारण है कि स्विमिंग करने से आपके आर्टरीज (धमनियों) में जमा प्लाक कम होता है और शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल की मात्रा घटती है।
◆ शरीर में आता है लचीलापन -
स्विमिंग के दौरान आपका पूरा शरीर एक्टिव होता है इसलिए इससे आपके शरीर में लचीलापन आता है।
◆ मजबूत होता है शरीर -
यह मांसपेशियों को चुस्त-दुरुस्त बनाता है और इससे आपके कूल्हों, पीठ और बाहों और टांगों की कसरत होती है।
◆ नहीं होते जोड़ों के रोग -
नियमित तैरने से आपके शरीर के जोड़ मजबूत होते हैं। जोड़ मजबूत होने से आपको भविष्य में गठिया संबंधी परेशानी होने का खतरा कम होता है।
◆ बढ़ती है बच्चों की लंबाई -
स्विमिंग बच्चों की लंबाई बढ़ाने में भी मददगार है। दरअसल स्विमिंग के दौरान बच्चे के हाथ और पैर पूरी तरह खुलते हैं। जल्दी-जल्दी गति देने के कारण हाथ-पैरों की अच्छी स्ट्रेचिंग हो जाती है। इससे बच्चों की लंबाई बहुत अच्छी बढ़ती है।
◆ अच्छी आती है नींद -
युवाओं में नींद न आने की समस्या धीरे-धीरे बड़ा रूप लेती जा रही है। सोशल मीडिया, ऑनलाइन चैटिंग और मोबाइल के ज्यादा इस्तेमाल के कारण बहुत सारे युवा अनिद्रा का शिकार हो रहे हैं। स्विमिंग करने से मांसपेशियों का तनाव कम होता है, जिससे आपको अच्छी और गहरी नींद आती है।
ये भी पढ़िये....रस्सी कूदने के 10 फायदे जो आपके शरीर को रखेंगे फिट और एक्टिव