बुरहानपुर में हत्या की खौफनाक साजिश का खुलासा: मृतक को तालाब पर बुलाया, पीटकर और गला दबाकर उतारा मौत के घाट; शव को मोटरसाइकिल से बांधकर तालाब में फेंका



बुरहानपुर। जिले के खकनार थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर शव को छिपाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 विधि-विरुद्ध बालकों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले हत्या की योजना बनाई और फिर मालसिंग को बहाने से सुनसान स्थान पर बुलाकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर 2026 को शाम करीब 4 बजे मालसिंग अपनी होंडा शाइन मोटरसाइकिल (MP68MH5327) लेकर घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसके बाद 8 सितंबर को परिजनों की रिपोर्ट पर थाना खकनार में अपराध क्रमांक 425/2026, धारा 140(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पूछताछ में सामने आई हत्या की साजिश

विवेचना के दौरान पुलिस को मिले सुरागों के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि जगन, प्रताप, लालसिंह और दो विधि-विरुद्ध बालकों ने मिलकर मालसिंग की हत्या की योजना बनाई थी।

आरोपियों ने मालसिंग को शाम करीब 6 बजे अपने खेत के पास बने छोटे तालाब के पास बुलाया। पुलिस के अनुसार, वहां आरोपियों ने उस पर डंडों और पत्थरों से हमला किया तथा गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

इसके बाद शव को उसकी मोटरसाइकिल से खेत में लगी ड्रिप के सहारे बांधा गया और नांदुरा बड़े तालाब में ले जाकर फेंक दिया गया, ताकि शव पानी की सतह पर दिखाई न दे।

मामले में आरोपियों की मदद करने के आरोप में रडतिया को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

तालाब में शव की तलाश के लिए बड़ा सर्च ऑपरेशन

शव को बरामद करने के लिए पुलिस ने व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। SDERF टीम, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और ड्रोन कैमरों की मदद से आमगांव के जंगल, नांदुरा तालाब, आसपास की खाइयों और अन्य संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

अब तक 6 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

पुलिस के अनुसार मामले में अब तक कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें चार वयस्क आरोपी और दो विधि-विरुद्ध बालक शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में जगन, प्रताप, लालसिंह और रडतिया शामिल हैं, जबकि दो विधि-विरुद्ध बालकों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post