श्रीनाथ गणेश मंडल प्रतापुरा में ताप्ती सेवा समिति का जागरूकता कार्यक्रम,“भक्ति के साथ पर्यावरण की जिम्मेदारी भी निभाएं”



बुरहानपुर। श्रीनाथ गणेश मंडल, प्रतापुरा में ताप्ती सेवा समिति, बुरहानपुर द्वारा गणेश उत्सव के दौरान “गणेश प्रतिमाओं का माँ ताप्ती में विसर्जन न कर ताप्ती सेवा समिति को सौंपने” के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं एवं गणेश मंडल के कार्यकर्ताओं से पर्यावरण संरक्षण और माँ ताप्ती की स्वच्छता के लिए इस अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ताप्ती सेवा समिति की अध्यक्ष सरिता भगत ने कहा—“भक्ति हो, लेकिन पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी भी हो।
उत्सव हो, लेकिन अनुशासन के साथ हो।
संगीत हो, लेकिन संस्कारों के साथ हो।
और गणपति बप्पा की आराधना हो, तो समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी दिखाई दे।”

उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक संदेश देने का अवसर भी है। माँ ताप्ती हमारी आस्था और जीवन से जुड़ी हैं, इसलिए उनकी स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में ऐसे दो व्यक्तित्व का भी सम्मान किया गया, जिन्होंने अपनी युवावस्था से ही युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए कार्य प्रारंभ किया और आज भी उस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।

सुभाष चौधरी ने अपनी पाक कला के माध्यम से अनेक युवाओं को रोजगार से जोड़ने का कार्य किया। वहीं जगन चौधरी ने श्रीनाथ व्यायामशाला के माध्यम से युवाओं को लेझिम एवं अखाड़े की पारंपरिक विद्या से जोड़कर उनमें शारीरिक मजबूती, अनुशासन और संस्कार विकसित करने का निरंतर प्रयास किया।

युवाओं के लिए लंबे समय से किए जा रहे इन दोनों के योगदान को देखते हुए ताप्ती सेवा समिति द्वारा कार्यक्रम में उनका सम्मान किया गया। समिति ने कहा कि समाज में ऐसे लोगों के कार्यों को सामने लाना और नई पीढ़ी को उनसे प्रेरणा दिलाना भी आवश्यक है। कार्यक्रम में मंसूर सेवक एवं देवचरण शर्मा द्वारा स्वागत किया गया।

श्रीनाथ गणेश मंडल के युवा कार्यकर्ताओं गोविंदा चौधरी, दीपक चौधरी, मनीष पाटील, सुरेश महाजन एवं तरुण चौधरी, संतोष चौधरी ने ताप्ती सेवा समिति की पहल को समझते हुए कहा कि आज आवश्यकता है कि माँ ताप्ती की स्वच्छता के लिए चलाए जा रहे इस संदेश को अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाया जाए।

युवा कार्यकर्ताओं ने कहा कि गणेश मंडल समिति के इस अभियान में सहयोग करेगा तथा मोहल्ले के अन्य सदस्यों को भी गणेश प्रतिमा माँ ताप्ती में विसर्जित न कर ताप्ती सेवा समिति को सौंपने के लिए प्रेरित करेगा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग एवं बच्चे भी शामिल हुए। उपस्थितजनों ने माँ ताप्ती की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा गणेश उत्सव को श्रद्धा और जिम्मेदारी के साथ मनाने का संदेश दिया।

ताप्ती सेवा समिति ने सभी गणेश मंडलों एवं श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि गणपति बप्पा की श्रद्धा के साथ माँ ताप्ती की पवित्रता और स्वच्छता की जिम्मेदारी भी निभाएं।

इस अवसर पर राजकुमार बच्छवानी, विनय पुनिवाला, डॉ युसुफ खान, विजय राठौर, दिलीप चौधरी, श्यामराव चौधरी, प्रकाश चौधरी और समाजसेवी उपस्थित थे। आभार धर्मेंद्र सोनी ने माना।

Post a Comment

Previous Post Next Post