आलमगंज में योगेश पैकेजिंग पर छापेमारी, हाईटेक मशीनों से बन रहे थे सिंगल यूज प्लास्टिक बैग; निगम की कार्रवाई से मचा हड़कंप
बुरहानपुर। प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक और अमानक पॉलीथिन के खिलाफ बुरहानपुर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर नगर निगम की टीम ने आलमगंज क्षेत्र में संत टेरेसा स्कूल के सामने स्थित योगेश पैकेजिंग फैक्ट्री पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री से करीब 6 क्विंटल 80 किलो अमानक प्लास्टिक पॉलीथिन बनाने की सामग्री जब्त की गई। निगम की टीम ने फैक्ट्री संचालक पर 15 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया।
हाईटेक मशीनों से बन रहे थे प्रतिबंधित प्लास्टिक बैग
नगर निगम की कार्रवाई में फैक्ट्री के अंदर मशीनों के माध्यम से प्रतिबंधित पॉलीथिन एवं कैरी बैग तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई। टीम ने मौके से पॉलीथिन निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री एवं पैकेजिंग से संबंधित सामान जब्त किया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार फैक्ट्री में अमानक पॉलीथिन बैग के निर्माण की शिकायतें सामने आने के बाद कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में सामग्री मिलने के बाद निगम टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
नगर निगम द्वारा इससे पहले भी सिंगल यूज पॉलीथिन बैग के गोदाम और फैक्ट्रियों पर छापामार कार्रवाई की जा चुकी है। इन कार्रवाइयों में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई थी।
नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि हाईकोर्ट एवं मध्य प्रदेश शासन के निर्देशों के अनुसार प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री के निर्माण और उपयोग के खिलाफ कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि दुकानों एवं बाजारों में पॉलीथिन के उपयोग पर जुर्माने की कार्रवाई के साथ-साथ सिंगल यूज प्लास्टिक उत्पाद बनाने वाले छोटे-बड़े कारखानों पर भी निगरानी रखी जा रही है।
निगम की कार्रवाई से फैक्ट्री संचालकों में हड़कंप
नगर निगम की लगातार कार्रवाई से प्रतिबंधित पॉलीथिन का निर्माण एवं भंडारण करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
इन अधिकारियों-कर्मचारियों की रही मौजूदगी
यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव के निर्देश एवं सहायक आयुक्त सुश्री स्वर्णिका वर्मा के निर्देशन में की गई। कार्रवाई के दौरान उप स्वास्थ्य अधिकारी गणेश पाटिल, सेक्टर अधिकारी संजय चौधरी, प्रभारी वार्ड सुपरवाइजर रूपा धामने, सिद्धार्थ मानक, सतीश बोयत सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
Tags
बुरहानपुर समाचार

