तीन दिवसीय राजयोग तपस्या भट्टी आज से, 1200 भाई-बहन होंगे शामिल , राजस्थानी भवन में होगा आयोजन, प्रेम दीदी देंगी आध्यात्मिक मार्गदर्शन



बुरहानपुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, बुरहानपुर द्वारा तीन दिवसीय राजयोग तपस्या भट्टी का आयोजन 19 से 21 सितंबर तक राजस्थानी भवन, बहादरपुर रोड, बुरहानपुर में किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ शनिवार, 19 सितंबर को प्रातः 10 बजे होगा।

इस विशेष आध्यात्मिक आयोजन के लिए पंजाब जोन की इंचार्ज आदरणीय प्रेम दीदी जी बुरहानपुर पहुंच रही हैं। तीन दिनों तक वे राजयोग, परमात्मा स्मृति की सही विधि, जीवन जीने की कला तथा वर्तमान परिस्थितियों में मानसिक स्थिरता, शांति और आंतरिक शक्ति विकसित करने के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान करेंगी।

आयोजन का उद्देश्य राजयोग के माध्यम से व्यक्ति को आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाना तथा जीवन में सकारात्मकता, सहनशीलता, शांति और प्रसन्नता का विकास करना है। वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों और बढ़ती चुनौतियों के बीच स्वयं को मानसिक रूप से स्थिर एवं सशक्त रखने के उपायों पर भी विशेष मार्गदर्शन दिया जाएगा।

इस तीन दिवसीय तपस्या भट्टी में मालेगांव, जालना सहित विभिन्न स्थानों से लगभग 1000 से 1200 भाई-बहनों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, बुरहानपुर की संचालिका आदरणीय मंगला दीदी जी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

आयोजकों ने सभी भाई-बहनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस आध्यात्मिक आयोजन का लाभ लेने का आह्वान किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post