डीएमआई के निर्देशन में आपदा प्रबंधन समितियों का गठन एवं उनका क्षमतावर्धन प्रशिक्षण

आपदा प्रबंध संस्थान, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण व स्वदेश संस्था के संयुक्त तत्वावधान में:

प्राकृतिक एवं मानव जनित आपदाओं के प्रति सजगता हेतु ग्राम स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

दतिया @Medicalsansarnews. com >>>>>>>>>>>>>>>>  ग्राम स्तरीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण परियोजना के अंतर्गत चयनित ग्रामों में आपदा प्रबंधन समितियों का गठन एवं उनका क्षमतावर्धन प्रशिक्षण, आपदा प्रबंध संस्थान भोपाल, मध्यप्रदेश के मार्गदर्शन तथा संवेदनशील कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखेड़े एवं अपर कलेक्टर श्री महेन्द्र सिंह कवचे के निर्देशन में, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण दतिया द्वारा नोडल संस्था स्वदेश ग्रामोत्थान समिति दतिया के माध्यम से चयनित ग्रामों/ वार्डों आयोजित किया जा रहा है।


इस महत्वपूर्ण परियोजना के तहत ग्राम स्तर पर सुदृढ़ आपदा प्रबंधन तंत्र विकसित करने के उद्देश्य से आपदा प्रबंधन समितियों एवं आपदा प्रबंधन दलों का गठन किया जा रहा है। इन समितियों में जनप्रतिनिधियों, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक ग्राम पंचायत, युवा मंडलों, स्वसहायता समूहों की महिलाओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा एवं आशा सहयोगिनी सहित सक्रिय ग्रामीणों को शामिल कर सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को प्राकृतिक एवं मानव जनित आपदाओं के प्रति सजग, सक्षम एवं आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि आपदा की स्थिति में स्थानीय स्तर पर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन के तीन प्रमुख चरणों—
आपदा पूर्व तैयारी (Preparedness)
आपदा के दौरान बचाव एवं राहत (Response)
आपदा के पश्चात पुनर्वास (Recovery)
—के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही प्रतिभागियों को प्राथमिक उपचार (First Aid), खोज एवं बचाव (Search & Rescue), सुरक्षित निकासी (Evacuation), संचार एवं समन्वय (Communication & Coordination) जैसे व्यावहारिक विषयों पर भी प्रशिक्षित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण के अंतर्गत मॉक ड्रिल एवं व्यवहारिक अभ्यास भी कराए जा रहे हैं, जिससे प्रतिभागियों को वास्तविक परिस्थितियों में कार्य करने का अनुभव प्राप्त हो सके। इससे ग्राम स्तर पर त्वरित निर्णय क्षमता एवं सामूहिक कार्यप्रणाली को मजबूती मिल रही है।

प्रशिक्षण के दौरान आगजनी, बाढ़, आंधी-तूफान, आकाशीय बिजली, सर्पदंश, तापघात (हीटवेव), शीतलहर (कोल्डवेव), अतिवृष्टि सहित विभिन्न प्राकृतिक एवं मानव जनित आपदाओं से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। साथ ही आपदा के समय सामुदायिक सहयोग, संसाधनों के समुचित उपयोग एवं सूचना तंत्र को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया जा रहा है।

प्रशिक्षकों ने बताया कि ग्राम स्तर पर प्रशिक्षित दल की उपलब्धता से आपात स्थिति में प्रारंभिक राहत एवं बचाव कार्य तत्काल प्रारंभ किए जा सकते हैं, जिससे जन-धन की हानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

इस अभियान के अंतर्गत स्वदेश ग्रामोत्थान समिति के प्रतिनिधि/ स्रोतव्यक्ति बलवीर पांचाल, पीयूष राय, अशोक कुमार शाक्य, शुभम बघेल, गीतेश जाटव, अमजद पठान एवं भूपेन्द्र कुशवाहा आदि द्वारा जिले के विभिन्न चयनित ग्रामों/ वार्डों में चरणबद्ध रूप से दल गठन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस कार्य में आयुष राय, प्रीति शिवहरे, अंकुश दांगी, उदय दांगी, सरल तलरेजा, शिवा राय सहित संस्था के अन्य कार्यकर्ताओं का योगदान सराहनीय है।

जिला प्रशासन द्वारा इस पहल को निरंतर विस्तार दिया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक ग्रामों को इस परियोजना से जोड़ा जा सके और एक सुरक्षित, जागरूक एवं सशक्त समाज का निर्माण किया जा सके। उक्त जानकारी स्वदेश ग्रामोत्थान समिति के सचिव पीयूष राय द्वारा प्रदान की गई।

Swadesh NBO/CSO

We are an NGO registered in Datia since 1995. We are a rights based Civil Society organization working for the effective administration of the civil society and bringing forth the justice to the common people.

Post a Comment

Previous Post Next Post